मिर्जापुर। देवोत्थान एकादशी पर नगर के बाजार खरीदारों से पटा रहा। मुकेरी बाजार व घंटाघर में गन्ने की खरीदारी करने वालों का जमावड़ा लगा रहा। एकादशी के मौके पर गन्ना काफी महंगा बिका। गन्ना प्रति पीस दस रुपये से 30 रुपये प्रति पीस तक बिका। मिट्टी के दीये भी बाजार में भारी मात्रा में बिके। इस अवसर पर घर की महिलाओं ने सुबह गंगा स्नान कर पूरे दिन व्रत रह कर शाम को विधि विधान से तुलसी विवाह का आयोजन कर पूजन किया। इस दौरान तुलसी के पौधे पर कपड़े, श्रृंगार के सामान आदि चढ़ाए गए। तत्पश्चात घरों में दीप जलाए गए। माला फूल की दूकानें सजी रहीं। शिवालयों को गजरे से भव्य श्रृंगार करने के बाद रंगोली बना कर दीप जलाए गए। शाम को लोग परिवार के साथ गंगा घाट दीपदान का उत्सव देखने के लिए निकले।