मिर्जापुर। राष्ट्रीय राज मार्ग सात के खस्ताहाल से आक्रोशित बथुआ के लोगों ने रविवार को शीतला मंदिर चौराहा के पास सड़क जाम कर दिया। एनएच सात के जाम किए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आंदोलनरत बथुआ के लोगों को एसओ कटरा एवं सांसद प्रतिनिधि रामकुमार विश्वकर्मा ने समझाकर जाम समाप्त कराया। आंदोलनरत लोगों सांसद अनुप्रिया पटेल से मिलकर अपनी समस्या से अवगत कराया। सांसद ने संबंधित अधिकारी से वार्ता कर सात दिन में काम शुरू कराने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दिया कि सात दिनों के अंदर काम शुरू नहीं किया गया तो उसके अलगे सप्ताह जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
बथुआ स्थित शीतला मंदिर के पास धरने पर बैठे आक्रोशित कार्यकर्ता राजमार्ग बनवाने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि राष्ट्रीय राजमार्ग सात विगत कई साल से गड्ढायुक्त हो गया है, जिसका निर्माण कराने के लिए कई बार प्रार्थना पत्र दिया गया। बावजूद इसके आज तक सड़क की मरम्मत तो शुरू नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दिया कि अगर जल्द सड़क नहीं बनवाई गई तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा। ओदोलित वंदे मातरम ग्रुप के संपूर्णनंद ने कहा कि सड़क बनवाने के लिए संगठन ने कई बार चक्का जाम व आंदोलन किया है। फिर भी निर्माण नहीं शुरू हुआ। इससे लगता है सरकार जनता का विकास करने के लिए गंभीर नहीं है। कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए सड़क बनवाने की मांग की। जाम के दौरान वाहनों की लंबी कतारे लगी रही। बता दें कि ग्रामीण व सामाजिक संस्थाएं लगातार खस्ताहाल सड़क बनवाने की मांग कर रहे हैं। सड़क खराब होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। आधे घंटे का सफर लोगों को दो घंटे में तय करना पड़ रहा है। दुर्घटनाओं में कईयों की मौत हो चुकी है। आंदोलन करने वालों में अनोखेलाल जायसवाल, शिवपाल कन्नौजिया, पंकज केशरी, गौरव तिवारी, दीपक केशरी, अजय साहू, सतीश कुमार, मंगल पंसाद, शिव बाबू, सुनील कुमार यादव, कृष्ण कुमार गुप्ता आदि शामिल रहे।