विंध्याचल। एस फिल्म्स के बैनर तले बन रही ‘बैरी कंगना पार्ट दो’ के अभिनेता रवि किशन और अभिनेत्री काजल पर एक गीत के दृश्य फिल्माए गए। इलाके में दिन भर लाइट, एक्शन, कैमरा, कट और रोल की आवाज गूंजती रही। दर्शक कलाकारों की अदाकारी की झलक पाने को बेताब रहे।
रंग बिरंगी रोशनी के बीच अभिनेता रविकिशन और अभिनेत्री काजल गाने की धुन पर थिरकते नजर आए। अमरावती चौराहा स्थित एक होटल में रात भर भोजपुरी फिल्म के गाने का फिल्मांकन चलता रहा। उनके साथ शुभी शर्मा भी दिखीं। बुधवार को दिन में विंध्याचल सहित नगर के कई इलाकों में दृश्य शूट किए जाते रहे। कुछ एक्शन सीन शूट किए गए, जिसमें मुंबई से आए 125 कलाकार शामिल रहे। एक से बढ़ कर एक स्टंट दृश्यों को देखने के लिए दर्शकों की भीड़ जुटी रही। अभिनेता रवि किशन की एक झलक पाने के लिए लोग बेताब नजर आए। विंध्य क्षेत्र के रमणीय स्थलों पर अभी कई दिनों तक भोजपुरी फिल्म बैरी कंगना दो के प्रमुख दृश्यों का फिल्मांकन जोर शोर से चल रहा है। बताया गया कि फिल्म को भव्य बनाने के लिए कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी जा रही है फिल्म के प्रमुख अभिनेताओं सहित सहयोगी भी फिल्म के निर्माण में पूरी तन्मयता से जुटे रहे।