मिर्जापुर। पथरहिया स्थित सभागार में आयुक्त विंध्याचल मंडल मुरली मनोहर लाल ने मंडल स्तरीय विकास कार्यो के प्रगति, कर करेत्तर एवं राजस्व वसूली तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा किया। आयुक्त ने भदोही में वृद्धावस्था पेंशन में भेजे गए रिपोर्ट में प्रगति शून्य दिखाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त किया और समाज कल्याण अधिकारी संत रविदास नगर भदोही का वेतन रोकने का निर्देश दिया। इसी प्रकार बेसिक शिक्षा विभाग भदोही में पाठ्य पुस्तक व ड्रेस वितरण की कम प्रगति पर बीएसए भदोही से स्पष्टीकरण की मांगा। अधीक्षण अभियंता सिचाई द्वारा बिना अनुमति के मुख्यालय छोड़ने पर स्पष्टीकरण मांगा। वहीं 50 लाख से ऊपर निर्माणाधीन परियोजनाओं में सोनभद्र से गलत सूचना देने पर संयुक्त विकास आयुक्त को गलत फीड़िंग करने वाले की जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया।
मंडलायुक्त ने समीक्षा के दौरान कहा कि मासिक समीक्षा बैठक के लिए शासन से नया प्रारूप मिला है, निर्धारित प्रारूप पर ही अपने विभाग से संबंधित सही सूचना उपलब्ध कराये। उप निदेशक बेसिक शिक्षा को निर्देश दिया कि आगामी 31 अगस्त तक हर हाल में छात्र-छात्राओं को ड्रेस वितरण व किताबों का वितरण शत-प्रतिशत कर दिया जाये। समाज कल्याण के आश्रम पद्धति वाले विद्यालय के छात्रों को भी नि:शुल्क ड्रेस व पाठय पुस्तक उपलब्ध कराये। सोनभद्र में मनरेगा के द्वारा कराये जा रहे कार्यो में तेजी लाने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़को के निर्माण में व्यय धनराशि कम होने पर एक सप्ताह में पूर्ण कार्यो पर भुगतान कराने का निर्देश दिया। जल निगम को आंशिक क्षमता वाले परियोजनाओ को पूर्ण क्षमता पर लाने के लिए प्रोजेक्ट तैयार करने का निर्देश दिया। सीएमओ को पीएचसी तथा सीएचसी पर चिकित्सकों की उपस्थिति बनाने का निर्देश दिया। स्वच्छ भारत मिशन में सोनभद्र में व्यय प्रतिशत कम होने पर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। मंडलायुक्त ने नमामि गंगे योजना में गंगा के किनारे वाले गॉवों में तेजी लाने और अमृत योजना में भी लक्ष्य पूरा करने के लिए जल निगम को निर्देश दिया। बैठक में ट्रान्सफार्मरों का बदलना, विद्युत कनेक्शन, लंबित आवेदन पत्रों के निस्तारण, किसान ऋण मोचन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आईसीडीएस, माध्यमिक आदि की बिंदुवार समीक्षा की। कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान गुंडा एक्ट, गैंगेस्टर अभियोग, शस्त्र निरस्तीकरण, हिस्ट्रशीटर आदि समीक्षा करते हुए कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त बनाने का निर्देश दिया। बैठक में डीआईजी रतन कुमार श्रीवास्तव, जिलाधिकारी बिमल कुमार दूबे, डीएम सोनभद्र प्रमोद उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी, सीडीओ प्रियंका निरंजन मुख्य विकास अधिकारी आदि रहे।