लालगंज। जिलाधिकारी विमल कुमार दुबे ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर पहुंच कर कई खामियां पाईं। इस केंद्र पर उन्होंने जाना कि चार माह से कोई प्रसव नहीं कराया गया है। उन्होंने ढाई घंटे तक बैठक कर कहा कि आशा व एएनएम का नेटवर्क ठीक किए जाने की जरूरत है। उन्होंने जिले स्तर पर 88 लोगों के दायित्व निर्वहन की जिम्मेदारी दी। डीएम ने सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी को परिसर की खाली पड़ी भूमि में गार्डेन बनाने को कहा। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान सीएचसी के सब सेंटरों पर चार माह से एक भी प्रसव नहीं कराये जाने- पर आश्चर्य जताया। सब सेंटर चितांग पतुलखी खोमर मैना थरपरसिया आदि पर चार माह के अंदर एक भी प्रसव होना नहीं पाया गया। जिलाधिकारी ने पूरे जनपद के चार सीएचसी व 12 पीएचसी की देख रेख के लिए 88 स्वास्थ्य अधिकारियों को जिम्मेदारी दिया। इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उनसे फीड बैक लिया और आवश्यक जानकारी दी। डीएम ने परिसर में गंदगी पाये जाने पर साफ सफाई कराने का निर्देश दिया। इस अवसर पर सीएमओ डा. उमेश यादव एसीएमओ डा. आरएस राम डा. वीएस राय डिप्टी सीएमओ डा. अरुण कुमार, डीपीएम अनिल मिश्रा, एआरओ पीके पांडेय, प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. आशुतोष कुमार दुबे, सुनील दुबे आदि रहे।