त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में छिटपुट और फर्जी वोटिंग की घटनाओं के बीच मतदान संपन्न हुआ। पहले चरण के चुनावी यज्ञ में 61.15 प्रतिशत मतदाताओं ने मत दिए। विकास खंड सीखड़ के विदापुर में प्रत्याशी राम नारायण के वार्ड चार, पांच और छह के मतपत्र पर निशान नहीं था।
इससे उस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान नहीं हो सका। साथ ही वार्ड के 125 मतदाता मतदान से वंचित हो गए। मंडलायुक्त अनिल कुमार ने शुक्रवार को बूथों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कोन के प्राथमिक विद्यालय लखनपुर, चील्ह, मलाधरपुर, पुरजागीर, सागरपुर और कछवां के पूर्व माध्यमिक विद्यालय कछवां का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मतदानकर्मियों से पूछताछ की। साथ ही मौजूद भीड़ को भी नियंत्रित करने का निर्देश पुलिसकर्मियों को दिया।
पहले चरण में जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए विकास खंड सिटी, कोन, मझवां और सीखड़ में मतदान शुक्रवार को प्रात: सात बजे से आरंभ हो गया। कई ब्लाकों में तो मतदाता सुबह ही मतदान करने पहुंचे, तो वहीं कुछ ब्लाकों में मतदाता आराम से मतदान करने पहुंचे।
मतदान के लिए बूूूथों पर सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की गई थी। पहले चरण में मतदान के लिए विकास खंड सिटी में 255, कोन में 134 सीखड़ मेें 123 और मझवां में 179 सहित 691 मतदान स्थल (बूथ) बनाए गए थे। जिन पर मतदान के बाद प्रत्याशियों के भाग्य बैलेट बाक्स में बंद हो गया।