मिर्जापुर। मिर्जापुर को औराई-वाराणसी- इलाहाबाद से जोड़ने वाला पुल शनिवार के जांच के लिए दिन भर बंद रहा। इस वजह से यात्रियों को भारी परेशानी उठान पड़ी। पुल के दोनों छोरों की जांच के साथ ही पुल के भार क्षमता की जांच की गई। साथ ही मरम्मत भी हुई। इस दौरान पुल पर बड़े वाहनों का आवागमन बंद रहा। लोग पैदल व दो पहिया वाहनों से आवागमन करते रहे। तेज धूप में राहगीरों को पुल पार करने में पसीने छूट गए।
शास्त्री सेतु की जांच व मरम्मत के लिए दिल्ली से मशीन व विशेषज्ञ इंजीनियर बुलाए गए हैं। इसके लिए प्रदेश सरकार ने विशेष रूप से मोबाइल ब्रिज इंस्पेक्शन यूनिट मशीन व उसके विशेषज्ञों को बुलाया था। पहले एक सप्ताह तक पुल पर यातायात बंद करने का निर्णय लिया गया था लेकिन बाद में निर्वाचन संबंधी कार्यों को देखते हुए उसे स्थगित कर रात में कार्य कराने का निर्णय लिया गया। शनिवार को अवकाश होने के कारण दिन भी काम किया गया। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र ने कहा कि प्रयास किया जा रहा है कि शनिवार को ही काम समाप्त कर दिया नहीं तो एक दिन और काम होगा।
गौरतलब है कि पुल की हालत को देखते हुए लंबे समय से इसके जांच की बात चल रही थी। इसको देखते हुए 23 से एक हफ्ते के लिए पुल को बंद कर जांच और मरम्मत का निर्णय प्रशासन ने लिया। लेकिन इस बीच लोकसभा चुनाव के नामांक को लेकर प्रशासन ने फैसला पलट दिया। प्रशासन की ओर से निर्णय लिया गया कि रात के समय पुल बंद कर जांच की जाएगी। इस क्रम में बीते मंगलवार से जांच शुरू हो गई और लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के विशेषज्ञों व केंद्रीय टीम के वैज्ञानिकों ने मशीन लगाकर पुल के कंपन अथवा रिफ्लेक्शन की जांच की।
रात के समय पुल की बीम को मशीन से संयुक्त कर उसके कंपनों का अध्ययन कर रीडिंग नोट की गई। इसके बाद पुल के डायरेक्शन व पूर्व के डायरेक्शन का मिलान किया गया। पुल की जांच मोबाइल ब्रिज इंस्पेक्शन यूनिट नामक मशीन से की जा रही है।
हालांकि शनिवार को अवकाश की वजह से यह जांच दिन में भी गई। ताकि समय से काम को पूरा किया जा सके। लेकिन जांच की वजह से वाराणसी आदि जाने वाले लोगों को तीखी धूप में परेशानी उठानी पड़ी।