मड़िहान (मिर्जापुर)। विकास खंड पटेहरा क्षेत्र के रजौहा ग्राम सभा में लाभार्थी परिवार को पता नहीं और एक महिला को फर्जी पत्नी बना बैंक के खाते से आवास का पैसा निकलवा लिया गया। लाभार्थी के परिजन की शिकायत पर हुई जांच में मामला सही पाया गया। खंड विकास अधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने जांच रिपोर्ट आने के बाद प्रधान, सेक्रेटरी को पैसा जमा करने का आदेश दिया है। कहा कि एक सप्ताह के अंदर आवास का पैसा बैंक में जमा नहीं हुआ तो धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करा दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत विकासखंड पटेहरा क्षेत्र के सुगापांख गांव निवासी मिठाईलाल पुत्र लवकुश के नाम से पुरानी सूची के अनुसार आवास मिला था। उसकी मौत पांच वर्ष पूर्व हो गई थी। मिठाईलाल की मौत के बाद साजिश कर पत्नी कलावती के बैंक खाता से पैसा निकाल लिया गया। जबकि मिठाईलाल अविवाहित था। हेराफेरी की जानकारी होने पर परिजन जिलाधिकारी से मिलकर शिकायत की। जांच रिपोर्ट में पता चला कि कूट रचना कर फर्जी महिला के नाम से पैसा निकाल लिया और ब्लाक के अभिलेखों में आवास पूर्ण दिखा दिया गया। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रधान व सेक्रेटरी आशुतोष पाठक को आदेश दिया गया है कि एक सप्ताह में पैसा जमा नहीं हुआ तो धोखाधड़ी के आरोप में दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।