लालगंज। स्थानीय तहसील परिसर में बुधवार को एसडीएम अरविंद चौहान की अध्यक्षता में अस्थाई गोवंश आश्रय स्थल चिंहीकरण व सुरक्षा प्रबंधन संचालन के तहसील स्तरीय समिति की पहली बैठक संपन्न हुई।
बैठक के दौरान एसडीएम ने कहा कि किसी भी प्रकार के गोवंश उत्पीड़न पर पशुपालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया जाएगा। ऐसे पशुपालकों को गांव स्तर पर चिंहित कर बीट के सिपाही और समिति के पदाधिकारी उनके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराऐंगे। कहा कि विकास खंड लालगंज के खरिहट और हलिया में दस-दस बीघे के दो अस्थाई गोवंश आश्रय स्थल बनेंगे, इसके लिए जमीन का चिन्हीकरण हो चुका है। एसडीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि गोवंश आश्रय स्थल के निर्माण में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। समिति के सदस्यों ने कहा कि गांव स्तर पर पशुओं के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के विरूध्द कार्रवाई होगी। सभी छुट्टा पशुओं को समिति अस्थाई आश्रय स्थल तक पहुचाएगी जिससे आवारा पशु से किसानों की कोई हानि न हो। इस दौरान तहसीलदार कर्मेंद्र कुमार, उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ईश्वर देव नारायण चतुर्वेदी, कमलेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक, थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार यादव, खंड विकास अधिकारी समेत सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।