चुनार। नगर पालिका परिषद के सभागार में स्वच्छता प्रोत्साहन कार्यशाला गुरुवार को पालिकाध्यक्ष मंसूर अहमद की अध्यक्षता में आयोजित की गई। वार्ड सभासद व स्वच्छ वातावरण समिति के सदस्यों से जिला प्रबंधक स्वच्छ भारत मिशन संजय सिंह ने कहा स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा 2018 में सफलता हासिल करने के लिए सभी को स्वच्छता का अभियान चलाकर नगर के प्रत्येक वार्डो में स्वयं साफ-सफाई करने के साथ ही उस वार्ड की जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना होगा। इसी क्रम में स्वच्छता जन-जागरूकता रैली पालिका परिषद कार्यालय से निकालकर लोगों को जागरूक किया गया। स्वच्छ भारत मिशन के जिला प्रबंधक संजय सिंह ने कहा कि सभासद गण व स्वच्छ वातावरण समिति के सदस्य स्वयं गंदगी वाले स्थानों की साफ-सफाई कर लोगों को प्रेरित करने का कार्य करे। उन्होंने कहा कि आज देश के एक मात्र पूर्ण स्वच्छ शहरों में इंदौर का नाम लिया जा रहा है, स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा में भाग लेकर सफलता हासिल कर नगर का मान बढाएं। जिला प्रबंधक ने बताया कि स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा में स्थान प्राप्त होने पर सदस्यों को जनपद व राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा। पालिकाध्यक्ष मंसूर अहमद ने सभासद व उपस्थित स्वच्छ वातावरण समिति के सदस्यों से कहा कि वह वार्ड की जनता को नियत स्थान पर गीले व सूखे कूड़े को डालने कूड़ा करकट यहां वहां न फेंकने नियत स्थान से कूड़ा उठने के बाद वहां न फेंकने। कहा अपने हाथों से साफ-सफाई करने के लिए प्रेरित करें, जिससे नगर स्वच्छ एवं सुंदर बना रहे। बैठक बाद अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में स्वच्छता जन-जागरूकता रैली नगर पालिका परिषद कार्यालय से निकाली गई, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुन: नगर पालिका पहुंचकर समाप्त हुई। इस मौके पर मिथिलेश कुमार, जलकल अवर अभियंता सौरभ सिंह, एकाउंटेंट शमशेर सिंह, गौरव पांडेय, संतोष कुमार, राहुल कुमार, संदीप, संजय, पंचम, सावित्री सहित नगर पालिका परिषद के कई कर्मचारी एवं सफाई कर्मी मौजूद रहे।