मिर्जापुर। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी-पुरानी पेंशन बहाली मंच की ओर से कर्मचारियों व शिक्षकों ने बुधवार को बीएसए कार्यालय से बाइक जुलूस निकालकर एकजुटता का आह्वान किया। इधर हड़ताल को लेकर प्रशासन भी चौकन्ना रहा। दिन में कर्मचारी नेताओं की डीएम से वार्ता भी हुई। शाम को हड़ताल स्थगित कर दी गई।
कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी-पुरानी पेंशन बहाली मंच के तत्वावधान में जन-जागरण के लिए बुधवार को दोपहर में नगर के बरियाघाट स्थित बीएसए कार्यालय से बाइक जुलूस निकाला गया। जिसमें सभी घटक संघों के पदाधिकारी हजारों शिक्षक व कर्मचारियों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। मंच के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह की अगुवाई में जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला मुख्यालय पहुंचकर समाप्त हुआ। जुलूस के दौरान पूरा रास्ता पुरानी पेंशन बहाल करो के नारों से गूंजता रहा। बाइक जुलूस के उपरांत कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित सभा के दौरान मंच के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने कहा कि यह आंदोलन तब तक चलेगा, जब तक सरकार पुरानी पेंशन योजना को बहाल नहीं कर देती है। कहा कि सरकार को अल्टमेटम दिए तीन महीने हो गए, लेकिन सरकार अभी तक कोई ठोस जवाब नहीं दे पाई है। मंच संयोजक राजेंद्र तिवारी ने कहा कि आंदोलन किसी परिणाम पर पर खत्म होगा। इस मौके पर विजय शंकर तिवारी, चंद्रशेखर मिश्र, विनोद तिवारी, मंगला सिंह, उमाकांत, शान मोहम्मद, मनोज राय, राजेंद्र यादव, सतीश सिंह, संतोष सिंह, सुशील सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी शिक्षक मौजूद रहे।
कोट
कर्मचारी एवं शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्षों की देर शाम लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ से हुई वार्ता के बाद गुुरुवार से होने वाली हड़ताल को 24 दिसंबर तक समाप्त कर दिया गया है। संघ की मांग पर सीएम ने पुरानी पेंशन बहाली के लिए एक समिति का गठन किया है। जिसे दो महीने के अंदर अपनी रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। अगर दो महीने में उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो वह लोग बिना नोटिस जारी किए दोबारा हड़ताल पर चले जाएंगे।
राजेंद्र उर्फ लल्लू तिवारी
संयोजक, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद