मिर्जापुर। सिटी विकास खंड के लोहंदीकला गांव में सोमवार को निरीक्षण के दौरान बिंद बस्ती में एक व्यक्ति के पास पक्का मकान होने के बावजूद उसकी पत्नी के नाम से वर्ष 2016-17 प्रधानमंत्री आवास आवंटन के मामले की शिकायत मिलने पर उसके घर जांच करने धमक पड़े। विशेष सचिव व नोडल अधिकारी सुरेन्द्र विक्रम ने शिकायत सही पाए जाने पर आरोपी के विरुद्घ एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई करने के साथ ही धन की रिकवरी कराए जाने के निर्देश दिए।
दलित बस्ती का निरीक्षण कर नोडल अधिकारी चौपाल के लिए जा रहे थे तभी गांव के ही किसी व्यक्ति ने बिन्द बस्ती में प्रधानमंत्री आवास में हुई धांधली की शिकायत उनसे कर दी। बस फिर क्या था उनका कारवां उस तरफ मुड़ गया। गांव में पहुंचे नोडल अधिकारी ने पाया कि पखंडू के पास पक्का मकान होने के बावजूद उसकी पत्नी अतवारी के नाम से प्रधानमंत्री आवास जारी कर दिया गया है। यह देख वह भड़क गए और तत्काल उन्होंने आरोपी के विरुद्घ मामला पंजीकृत कराकर उससे धन की रिकवरी करने का निर्देश दिया।