मिर्जापुर। ड्रमंडगंज स्थित बड़का मोड़ के पास गुरुवार की दोपहर ट्रेलर की चपेट में आने से भदोही के दो लेखपालों की मौत हो गई। दोनों भदोही से दर्शन करने के लिए बाइक से मैहर जा रहे थे। मौके पर पहुंची हलिया व ड्रमंडगंज पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसडीएम लालगंज ने घटना से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
आजमगढ़ निवासी संदीप यादव (30) और भदोही निवासी हेमलता (28) भदोही में लेखपाल के पद पर तैनात थे। मैहर देवी का दर्शन करने के लिए दोनों एक साथ बाइक से गुरुवार को मैहर के लिए रवाना हुए थेे। दोनों दोपहर दो बजे जैसे ही हलिया थाना क्षेत्र के ड्रमंडगंज के बड़का मोड़ के पास पहुंचे थे कि मध्य प्रदेश की ओर से आ रहे ट्रेलर की चपेट में आ गए। दोनों बाइक के साथ गिर गए। ट्रेलर के पहिये के नीचे आने से दोनों लेखपालों की कुचलने से मौत हो गई। जानकारी होते ही एसडीएम लागलंज अरविंद चौहान, हलिया थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह व ड्रमंडगंज चौकी प्रभारी मौके पर पहुंच गए। आनन फानन में दोनों को जिला चिकित्सालय एंबुलेंस से भेजा गया जहां देखते ही चिकित्सकों ने संदीप यादव को मृत घोषित कर दिया जबकि महिला लेखपाल हेमलता को बीएचयू के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। मौके पर मौजूद लोग महिला लेखपाल को लेकर बीएचयू पहुंचे लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही हेमलता की मौत हो गई।