चुनार। चुनार कोतवाली क्षेत्र के नौगरहां में 20 जून को अदलहाट क्षेत्र के प्रतापपुर गांव निवासी मनीष पाल (25) पुत्र मुन्नू की लाठी डंडे व धारदार हथियार से हमला कर की गई हत्या मामले में पुलिस ने रविवार को शिवशंकरी धाम स्थित एक ढाबे से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ा
सीओ चुनार सुधीर कुमार ने बताया कि प्रशांत कुमार सिंह की पत्नी चंदौली से बीटीसी कर रही है। 20 जून की शाम शिवशंकरी धाम से घर आ रही थी। उसी दौरान मनीष पाल घर जा रहा था। महिला को लगा कि मनीष उसका पीछा कर रहा है। वह भागकर घर पहुंची और अपने ससुर सभापति से एक युवक द्वारा पीछा करने की बात बताई। जानकारी होते ही सभापति नाराज हो गया और निशांत व शशांक से युवक को पकड़कर घर के पीछे स्थित आम के बगीचे में लाने के लिए कहा। वहां पहुंचने पर सभी ने मिलकर लाठी डंडा व नुकीले औजार से मारकर मनीष की हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को सड़क किनारे लाकर छोड़ दिया। किसी व्यक्ति से सौ नंबर पुलिस को फोन कराकर सूचना दिलवा दिया कि एक युवक की ग्रामीणों ने बुरी तरह से पिटाई कर सड़क किनारे छोड़ दिया है। जिससे पुलिस का ध्यान अभियुक्तों की ओर न जा सके। लेकिन पुलिस छानबीन के दौरान उनतक पहुंच ही गई। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त घर के पीछे बगीचे में पत्ती से ढके हुए तीन अदद बांस की लाठी, एक अदद पिलास व नोकिला पेचकस, सुम्मी बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत कुमार सिंह, अशांत कुमार सिंह, निशांत कुमार सिंह व शशांक कुमार सिंह निवासी नौगरहां को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका ससुर सभापति अभी भी फरार चल रहा है। गिरफ्तारी के दौरान कोतवाल चुनार कमलेश पाल, चौकी प्रभारी कजरहट राजेश चौबे आदि शामिल रहे।