मिर्जापुर। सोनभद्र को मंडल मुख्यालय से जोड़ने वाली सड़क हिंदुवारी मिर्जापुर मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने के लिए शासन ने पीडब्ल्यूडी को डीपीआर बनाने का निर्देश दिया है। इसके बाद सड़क का सर्वे शुरू हो गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने मुख्यमंत्री से मिलकर इस खस्ताहाल मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग की थी। यदि सब कुछ ठीक रहा तो आगामी बजट में इस मार्ग के चौड़ीकरण के लिए बजट आवंटित हो सकता है।
नरायनपुर से लेकर रीवा तक जाने वाले एनएच सेवन के बाद अब सोनभद्र को मंडल मुख्यालय से जोड़ने वाले हिंदुवारी मिर्जापुर मार्ग के चौड़ीकरण के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने प्रयास शुरू कर दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिल कर इस सड़क को फोरलेन बनाने की मांग की थी। उनके इस प्रस्ताव पर किलोमीटर 343 मडिहान से किलोमीटर 387 सर्वे का कार्य शुरू हो गया है। इस सड़क को दुद्धी लुंबिनी मार्ग के नाम से भी जाना जाता है। यह बहुत महत्वपूर्ण मार्ग है। इस मार्ग पर सर्वाधिक गिट्टी और बालू से भरे ट्रक गुजरते हैं। इन दिनों काशी हिंदू विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर बरकछा से लेकर मिर्जापुर शहर के शुरुआत तक यह सड़क बिल्कुल जर्जर हो चुकी है। इसके चलते वाहन सवारों को आवागमन में बेहद परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई वाहन सवारों की इस सड़क पर गिरने से मौत तक हो चुकी है। यदि सर्वे में इस रोड के चौड़ी करण करने का फैसला लिया जाता है तो आगामी दिनों में विधानसभा में प्रस्तुत होने वाले बजट सत्र में इसके लिए धन आवंटन की संभावना भी बढ़ जाएगी।