पुलिस लाइन ग्राउंड की दीवार पर वालपेंटिंग करते विद्यार्थी
मिर्जापुर। वाल पेंटिंग के माध्यम से अब बेटी बचाओ और जिले को स्वच्छ बनाने की प्रति जागरूकता की मुहिम छेड़ी गई है। पुलिस लाइन की दीवारों पर वाल पेंटिंग के जरिये लोगों को बेटी बचाओ की अपील करने के साथ नगर को स्वच्छ बनाने के टिप्स स्लोगन के माध्यम से दिए गए हैं। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने स्कूलों में पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित कर छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत करने की योजना बनाई गई है।
पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने नगर को सुंदर बनाने और बेटियों को बचाने के लिए एक नई मुहिम छेड़ी है। पुलिस लाइन से इस अभियान की शुरूआत की गई है। पुलिस लाइन को सुंदर बनाने के लिए वहां की दीवारों पर वाल पेंटिंग की जा रही है। इसके अलावा पेंटिंग प्रतियोगिता होगी जिसमें नगर के विद्यालयों के छात्र और छात्राएं पेंटिंग बनाएंगी। पेंटिंग का विषय बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, खुले में शौच मुक्त होंगे। इस प्रतियोगिता का मकसद अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करना है।
पुलिसकर्मियों को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए पुलिस लाइन में योगा और जिम सेंटर खोला जाएगा। इसमें पुलिसकर्मी अपनी इच्छा के अनुसार योगाभ्यास या जिम का इस्तेमाल कर सकेंगे। पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने पुलिस कर्मियों को तनाव से मुक्त करने के लिए पुलिस लाइन में योगा और जिम सेंटर खोलने का निर्देश दिया है। दोनो सेंटर बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।