मिर्जापुर। यूं तो वर्ष भर भारतीय ट्रेनों की लेटलतीफी जग जाहिर है लेकिन ठंड बढ़ते ही ट्रेनों ने रुलाना शुरू कर दिया है। दिल्ली से आने वाली ट्रेनें विशेषकर विलंबित चल रही हैँ जिससे पटना, कोलकाता, पुरी और गुवाहाटी की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्री ठंड भरी रातों में घंटों प्लेटफार्मों पर बैठ कर इंतजार करने को विवश हो रहे हैं।
गुरुवार को चोपन इलाहाबाद पैसेंजर ट्रेन लेट लतीफी के चलते निरस्त कर दी गई थी। महानगरी एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। अप ब्रहमपुत्र एक्सप्रेस आठ घंटे विलंब से रवाना हुई। अप पुरुषोत्तम एक्सप्रेस दो घंटे विलंब से चल रही थी। हावड़ा जाने वाली डाउन कालका एक्सप्रेस रोजाना की तरह गुरूवार को भी दो घंटे की देरी से आई। शिप्रा एक्सप्रेस को रोजाना छिवकी में घंटों खड़ा कराया जा रहा है जिससे यह ट्रेन लेट हो रही है। गुरुवार को यह ट्रेन दो घंटे विलंब से पहुंची। ताप्ती गंगा एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से आई। अप मगध एक्सप्रेस पांच घंटे की देरी से चल रही थी। यही हाल डाउन मगध एक्सप्रेस का भी रहा जो छह घंटे से विलंबित रही। ट्रेनों के विलंब से चलने से यात्रियों की फजीहत हो रही है। रात में शीतलहरी शुरू हो चुकी है। ठंड में यात्रियों को ट्रेनों का इंतजार करने में परेशानी हो रही है।