मिर्जापुर। सीबीएसई की दसवीं की परीक्षा में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली गार्गी सिंह न्यायिक अधिकारी बनना चाहती हैं। गार्गी ने 98. 8 फीसदी अंक लेकर जिले में टाप किया है। हलिया के पंवारी कला के निवासी कौशेश्वर सिंह की पुत्री गार्गी न्यायिक अधिकारी बनना चाहती हैं। गार्गी ने बताया कि वह शुरू से ही इसी ध्येय को लेकर पढ़ाई कर रही हैं। उनके पिता कौशेश्वर सिंह उर्फ राजा सिंह व्यवसायी हैं और माता सीता सिंह गृहिणी। घर का वातावरण धार्मिक है। गार्गी के पिता ने बताया कि गार्गी को जब भी अवसर मिलता है वह किताब लेकर पढ़ने बैठ जाती थी। उसका प्रयास था कि वह पूरे क्षेत्र में टाप करे लेकिन कुछ अंकों से वह चूक गई लेकिन जिले में उसने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गार्गी की सफलता से उसके घर में हर्ष का माहौल है।
--------------
सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य है अभिश्री का
मिर्जापुर। सीबीएसई की दसवीं की परीक्षा में जिले में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली अभिश्री प्रशासनिक सेवा में जाना चाहती है। अभिश्री ने 97.8 फीसदी अंक लेकर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। नगर के व्यवसायी भूपेंद्र सिंह बिष्ट की पुत्री अभिश्री प्रशासनिक सेवा में जाना चाहती हैं। अभिश्री की माता रीता बिष्ट गृहिणी हैं और अभिश्री की सफलता में उनका पूरा योगदान है। अभिश्री का कहना है कि देश सेवा करना चाहती हैं और इसके लिए प्रशासनिक सेवा से बेहतर कुछ और नहीं हो सकता। अभिश्री की सफलता से उसके घर में उत्सव का माहौल है।