मिर्जापुर। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि जब तक गांव के गरीब और बेसहारा लोगों को सशक्त नहीं बनाया जाता, तब तक देश के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। वह मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के तहत 50 पात्र लोगों को गोल्डेन कार्ड देकर उनको संबोधित कर रही थी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक गरीब परिवार को सशक्त और उनके जीवन को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार कृत संकल्पित है। जब कोई श्रमिक 60 वर्ष की आयु पूरा करेगा तो उसे तीन हजार रुपये की पेंशन दी जाएगी। उन्होंने पीएम आवास और आयुष्मान योजना की उपलब्धियों की भी चर्चा की। कहा कि आयुष्मान योजना में जिले से दो लाख लोगों ने पंजीकरण कराया है। जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने कहा कि इस योजना के तहत 127 तरह के कार्य करने वाले श्रमिक पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के लिए 18 से 40 वर्ष तक की आयु निर्धारित है। उन्होंने इसके नियमों के संबंध में जानकारी दी। कहा कि इसमें न्यूनतम 55 रुपये से लेकर दो सौ रुपये प्रतिमाह तक का अंशदान किया जा सकता है। अंत में मुख्य विकास अधिकारी प्रियंका निरंजन ने आभार जताया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में एलईडी वैन के द्वारा गुजरात में पीएम और गोरखपुर से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर सहायक श्रमायुक्त आरके पाठक, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीके सिंह व अन्य थे।