चुनार। भारतीय किसान यूनियन भानु के सदस्यों ने शुक्रवार को किसानों की समस्याओं को लेकर तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन कर पांच सूत्री पत्रक नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद यादव को सौपा। पत्रक में कहा है कि इस वर्ष जिले में बरसात कम हुआ है। अगस्त माह के बाद बरसात नहीं होने से संपूर्ण जिला सूखे की चपेट में है। सदस्यों ने जिले को सूखा घोषित करने की मांग किया है।
प्रदर्शन करने वाले किसानों ने कहा कि बरसात नहीं होने के कारण किसान अन्न को तरस रहे हैं। अल्प वर्षा से किसानों की काफी क्षति हुई है। इसके बावजूद अब तक जिले को सूखा क्षेत्र घोषित नहीं किया गया है। भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों ने जिले को सूखा घोषित किए जाने की मांग की है। साथ ही मांग किया कि किसानों को फसल बीमा का लाभ नहीं मिल रहा है, उसे दिलाया जाय व किसानों को मिलने वाली सब्सिडी दलाल एवं एजेंसियों को दिया जा रहा है। सब्सिडी का लाभ किसानों को दी जाय। पत्रक में कहा कि पशु मेला में लाखों रूपया खर्चकर प्रचार प्रसार किया जा रहा है, पर पशु अस्पतालों पर दवा एवं उन्नतिशील देशी नस्ल के गर्भाधान की समुचित व्यवस्था नहीं है। चुनार में स्थित पशु अस्पताल की जीर्ण शीर्ण भवन को दुरूस्त कराए जाने की भी मांग की। इस मौके पर अली जमीर खां, प्रदीप सिंह पटेल, धर्मदेव उपाध्याय, हरिनाथ, विजय कुमार, राजकुमार, रामवृक्ष, बबलू, पुनवासी आदि उपस्थित रहे।