कैलहट। नरायनपुर ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मिनी आंगनबाडी और सहायिकाओं ने वेतन वृद्घि की मांग को लेकर शुक्रवार को शिवशंकरीधाम स्थित सीडीपीओ कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही ब्लॉक उपाध्यक्ष मीरा गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार हमसे किये गये वादे को नही निभा रही है। लगातार 23 अक्टूबर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा वेतन वृद्धि की मांग को अधिकारी और जनप्रतिनिधियों द्वारा अनसुना किया जा रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मौखिक रूप से हमारे मानदेय में कटौती और निलंबन की धमकी भी दी जा रही है, परंतु हमारे द्वारा बाल विकास परियोजना अधिकारी के माध्यम से सौंपी गई, ज्ञापन की मांगों को सरकार जब तक नही मानती और जब तक हमारा वेतन वृद्धि कर 15 हजार नही किया जाता है, तब तक बंद कलम बंद हड़ताल जारी रहेगा। संचालन कोषाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने किया। धरना प्रदर्शन में गीता देवी, विभा सिंह, मंजु कुमारी, मीना श्रीवास्तव, सुनीता श्रीवास्तव, कंचन, ममता देवी, नंदिता, रेखा सिंह, प्रभावती देवी आदि मौजूद रहे।