मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी बिमल कुमार दूबे की अध्यक्षता में टीईटी परीक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। जिसमें डीएम ने कहाकि जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा टीईटी आगामी 15 अक्तूबर को मजिस्ट्रेटों की कड़ी निगरानी में होगी। टीईटी परीक्षा में गड़बड़ी पर केंद्र व्यवस्थापक पर कार्रवाई होगी। सभी केेंद्र व्यवस्थापक परीक्षा नियमावली का भली भांति अवलोकन कर लें, जिससे परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नही हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि नियमावली के अनुसार ही सिटिंग प्लान, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती, कक्ष निरीक्षक, सुपरवाइजरों, सचल दस्ता, पर्यवेक्षकों की तैनाती करें। डीएम ने कहा कि परीक्षा के दिन मजिस्ट्रेट की निगरानी में कोषागार से प्रश्रपत्र केंद्रों पर भेजा जाएगा। परीक्षा केंद्र के दौ सौ मीटर दायरे में सभी फोटो स्टेट की दूकान, साइबर कैफे और इलेक्ट्रानिक्स की दूकान बंद रहेगी। कोई भी परीक्षार्थी मोबाइल, बैग या अन्य कोई इलेक्ट्रानिक सामान लेकर नही आएगा। इसके लिए परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर अभ्यर्थियों की तलाशी होगी। परीक्षा प्रारंभ होने के 45 मिनट तक मुख्य गेट खोला जाएगा। एडीएम विजय बहादुर ने बताया कि टीईटी परीक्षा के लिए जिले में नौ परीक्षा केंद्र बनाया गया है। पहली पाली में 3864 तथा दूसरी पाली में 4852 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। उन्होंने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक फूलचंद्र यादव को परीक्षा केेंद्रों की तैयारियों का निर्देश दिया जा चुका है। बैठक में डायट प्राचार्य उदयराज, प्रधानाचार्य बीनारानी सिंह, निजामुद्दीन, अनिता यादव, गीता सिंह, अशोक मिश्रा, संजय मिश्रा आदि मौजूद रहे।
अमित तिवारी