मिर्जापुर। क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार प्रसार होगा। इस बार प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारी क्रय केंद्र पर धान बेचने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करेंगे। इसके लिए एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर के मध्य ग्राम समृद्धि एवं स्वच्छता पखवाड़ा के लिए आयोजित बैठकों के माध्यम से व्यापक प्रचार प्रसार होगा।
सरकार किसानों से अधिक से अधिक धान खरीदने के लिए प्रयासरत है। इसके लिए इस बार अनूठी पहल करते हुए ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी को अभियान में शामिल करते हुए प्रचार प्रसार की जिम्मेदारी सौंप रही है। जिले के ग्राम सभाओं में दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर बैठकों का आयोजन किया जाएगा। बैठकों में ग्राम प्रधान व सेक्रेटरी किसानों को धान बेचने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। जिला खाद्य विपणन अधिकारी रतन कुमार शुक्ला ने बताया कि बैठक के माध्यम से किसानों को बताया जाएगा कि किसानों से धान की सीधी खरीद होगी। इसके लिए पहले किसानों को ऑनलाइन पंजीयन कराना होगा। पंजीयन के लिए किसान किसान जन सुविधा केंद्र या साइबर कैफे में जोतबही, खतौनी, फोटो युक्त पहचान पत्र, बैंक पासबुक की छाया प्रति तथा आधार कार्ड साथ ले जाए। किसानों को 1550 रुपया सामान्य और 1590 रुपया ग्रेड ए समर्थन मूल्य दिया जाएगा। समर्थन मूल्य के अतिरिक्त किसानों को उतराई, छनाई के लिए 15 रुपया प्रति कुंतल की दर से भुगतान होगा।