मिर्जापुर। कोटे के अनाज का वितरण पांच सितंबर से शुरू हो गया है। वितरण 12 सितंबर तक किया जाएगा। अनाज व मिट्टी तेल का वितरण पर्यवेक्षणीय अधिकारी की मौजूदगी में होगा। सभी कार्डधारक परिवार के सदस्यों का आधार कार्ड जमा कराएं, अन्यथा अनाज पाने से वंचित हो सकते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि एनएफएसए में चयनित पात्र गृहस्थियों को प्रति यूनिट पांच किग्रा अनाज, अंत्योदय कार्डधारकों को 20 किग्रा गेहूं व 15 किग्रा चावल का सहित 35 किग्रा अनाज वितरित होगा। वहीं मिट्टी तेल सभी पात्र गृहस्थी परिवारों के मध्य दो लीटर प्रति कार्ड एवं अंत्योदय कार्डधारकों कोे चार लीटर प्रतिकार्ड प्रतिमाह की दर से पूर्व की भांति बंटेगा। एसडीएम सदर अविनाश त्रिपाठी ने कहा कि सभी क्षेत्रीय लेखपाल व ग्राम विकास अधिकारी अपने से संबंधित कोटे की दूकान पर अनाज व मिट्टी तेल का योजनावार वितरण कराएं। इसके बाद वितरण की सत्यापन रिपोर्ट निर्धारित प्रारूपों पर जमा करें। सभी क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी व पूर्ति निरीक्षक वितरण तिथियों में औचक निरीक्षण करें। जिससे अनाज की कालाबाजारी अथवा डायवर्जन नहीं होने पाये। किसी भी दशा में कोई पात्र लाभार्थी अनाज पाने से वंचित नहीं रहने पाए, वितरण संबंधी कोई शिकायत मिलने पर संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित की होगी। वितरण तिथियों में कोटेदार द्वारा कोटे की दूकान बंद रखी जाती है या निर्धारित मानक से कम मानक में तथा निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य लेकर अनाज व तेल का वितरण करने की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।