मिर्जापुर। बुंदेलखंडी स्थित श्री द्वाकाधीश मंदिर में झूलनोत्सव के तीसरे दिन भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी हे नाथ नारायण वासुदेवा की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में सजी मनोहारी झांकियों का दर्शन पूजन किया।
झूलनोत्सव के तीसरे दिन सुबह सात बजे से ही मंदिर में लोगों के आने जाने का क्रम शुरु हो गया था। मंदिर के बाहर भी श्रद्धालुओं की भीड़ की वजह से मेले जैसा दृश्य दिखाई पड़ रहा था। बाहर खिलौनों की दूकानें लगी हुई थीं। दूर दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने राधाकृष्ण, नरसिंह, बकासुर वध, कंस वध, बालि सुग्रीव वध, शबरी के जूठे बेर आदि झांकियों का अवलोकन किया और श्री ठाकुर जी महाराज तथा द्वारिकेश्वर महादेव का पूजन अर्चन कर प्रसाद ग्रहण किया। द्वारकाधीश ट्रस्ट के प्रभारी प्रदीप बजाज और परितोष बजाज ने बताया कि रविवार को झूलनोत्सव का समापन हो जाएगा। सोमवार को ग्रहण के चलते रविवार को ही बर्फ के महादेव की झांकी सजाई जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से बर्फ की झांकी का दर्शन करने की अपील की।