मिर्जापुर। मंगलवार की सांयकाल नगरीय इलाकों सहित जिले के ग्रामीण अंचलों में हुई मूसलाधार बारिश से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली वहीं सड़क व गली तालाब रूप में तब्दील हो गए। दो घंटे से अधिक समय तक हुई झमाझम बारिश से जगह-जगह जलभराव होने से जहां राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई, वहीं किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
सुबह से आसमान में उमड़ते-घुमड़ते बादलों को देख ऐसा लग रहा था कि बारिश होगी, लेकिन दोपहर बाद तक बारिश क्या आसमान से एक बूंद तक नहीं टपका, लेकिन सांयकाल छह बजे के बाद मौसम का मिजाज अचालक बदलने से मूसलाधार बारिश होनी शुरू हो गई। बारिश होने से नगर की प्रमुख सड़कों व गलियों सहित कई अन्य स्थानों पर भारी जलभराव हो गया, जिससे वाहन चालकों व साइकल चालकों सहित पैदल गुजरने वालाें को बारिश के पानी के बीच से होकर आना-जाना पड़ा। बारिश के साथ ही बिजली की अघोषित कटौती से शाम को नगर के कई इलाके अंधेरे में रहे, जिससे दूकानदारों में मायूसी छाई रही। बारिश होने के बाद लोगों को उमस से राहत मिली, वहीं मौसम सुहाना होने से लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आ रही थी। नगर के आर्यकन्या रोड, लक्ष्मण प्रसाद गली, इमामबाड़ा रोड, तरकापुर रोड, पांडेयपुर, आवास विकास कालोनी, सबरी रोड, घुरहूपट्टी, वासलीगंज के कई गलियों में जलभराव होने से लोगों का आवाजाही घंटों तक बाधित रहा। झमाझम बारिश के बीच बच्चे भीगकर धमा-चौकड़ी मचाने में लगे रहे, वहीं जरूरी कार्यवश बाहर निकलने वाले बारिश से बचाव के लिए छाता लेकर ही निकलना मुनासिब समझे।