मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के बरौधा के मलिन बस्ती में जाने वाले सीसी रोड को तोड़ कर दबंगों जमीन पर कब्जा कर लिया। रास्ता बंद होने पर बस्ती के निवासियों का गुस्सा बुधवार को फूट गया। उन्होंने सड़क जाम कर दिया। लोगों का कहना था कि भाजपा सरकार में दलितों का उत्पीड़न किया जा रहा है। मनबढ़ सड़क पर कब्जा कर रहे हैं और शिकायत के बावजूद अधिकारी चुप हैं। सूचना मिलने पर एसडीएम सदर अविनाश तिवारी व सीओ नगर संजय सिंह पहुंचे और आठ फीट का रास्ता दिलाया, तब जाकर मामला शांत हुआ।
मुहल्लेवासियों ने बताया कि पहले रास्ते का विवाद होने पर पूर्व जिलाधिकारी संयुक्ता समद्दार ने मामले की जांच कराई थी। तब उन्होंने नापजोख कराकर 12 फीट का रास्ता छोड़वाया था। उन्होेंने इस पर सीसी रोड भी बनवा दिया। दो फीट चौड़ी नाली भी बनवाई गई थी। 21 जून की रात मुहल्ले के ही कुछ मनबढ़ सीसी रोड को तोड़ कर जमीन पर कब्जा करने लगे। विरोध जताने पर मारपीट करने के लिए अमादा हो गए। सुबह मामले की शिकायत जिलाधिकारी और एसडीएम सदर से की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे प्रोत्साहित होकर कब्जा करने वालों ने रोड को तोड़ कर उस पर चहारदीवारी बनवानी शुरू कर दी। इससे मलिन बस्ती का रास्ता बंद हो गया। इसके बाद मुहल्लेवासी भड़क गए और बुधवार की सुबह दस बजे मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग को बरौधा के पास जाम कर दिया। उनका कहना था कि जब तक उनके समस्या का समाधान नहीं होगा तब तक वे रास्ता नहीं खोलेंगे। करीब घंटे बाद प्रभारी कटरा कोतवाल योगेश यादव पहुंचे और समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग जाम समाप्त करने को तैयार नहीं हुए। एसडीएम सदर अविनाश तिवारी व सीओ नगर संजय सिंह पहुंचे और उन्होंने दोनों पक्षों बुुला कर बातचीत की। बातचीत के दौरान सीओ नगर ने आठ फीट का रास्ता मलिन बस्ती में आने जाने के लिए छोड़वाते हुए मामले को शांत कराया। जाम लगाने वालों में शीला, मीरा, चंपा, चंद्रावती, शांति, मतिया, सुधा देवी, रमेश, राजन, मालती, गोपाल, सितारा, राजकुमारी, रामचंद्र, महेश आदि शामिल रहे।