मिर्जापुर। प्रयागराज से आने और वहां जाने वाली महाकुंभ स्पेशल ट्रेनों में भारी भीड़ के कारण पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही। मिर्जापुर और विंध्याचल स्टेशन पर भी स्टेशन पर भी यात्रियों की भीड़ रही। ट्रेनों में चढ़ने और उतरने को लेकर धक्का-मुक्की होती रही। सात घंटे में 40 कुंभ स्पेशल ट्रेनें आईं और सभी में यही हालात देखने को मिले। वहीं, दिल्ली स्टेशन पर भगदड़ की घटना को देखते हुए सुरक्षाकर्मी मुस्तैद रहे।
प्रयागराज महाकुंभ में शाही स्नान बीतने के बाद भी श्रद्धालुओं की भीड़ कम नहीं हो रही। इसको देखते हुए स्टेशन पर जीआरपी, आरपीएफ और पुलिस के अलावा अर्द्ध सैनिक बल की तैनाती की गई है। रविवार को सुबह से दोपहर दो बजे तक मिर्जापुर स्टेशन पर 40 कुंभ स्पेशल ट्रेनों का आवागमन हुआ। सभी ट्रेनें ठसाठस भरी हुई थीं। कोई दरवाजे के पास बैठा था तो कोई शौचालय में। प्रयागराज जाने वाली ट्रेनें प्लेटफार्म नंबर तीन पर और प्रयागराज से आने वाली प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर आईं। दोपहर डेढ़ बजे आई स्पेशल ट्रेन के दरवाजे पर भीड़ के कारण लोग उतर नहीं पा रहे थे। पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ के जवान लोगों की चढ़ने-उतरने में मदद कर रहे थे। करीब हर 20 मिनट पर एक स्पेशल ट्रेन आती रही। इन ट्रेनों में ज्यादातर यात्री बिहार और झारखंड के थे।
विंध्याचल स्टेशन पर भी भारी भीड़ रही। प्रयागराज से बड़ी संख्या में आस्थावान मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने आ रहे थे। यहां भी सुरक्षाकर्मी मुस्तैद रहे।