डीएलएड प्रशिक्षण के विभिन्न बैचों की आंशिक एवं बैक पेपर परीक्षा में अभ्यर्थियों की अनुपस्थिति का सिलसिला जारी है।
शुक्रवार को जिले के 7 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में तीनों पालियों को मिलाकर कुल पंजीकृत 2762 प्रशिक्षुओं में से 2367 ने परीक्षा दी, जबकि 395 ने परीक्षा से दूरी बनाए रखी। विषयवार आंकड़ों के अनुसार विज्ञान की परीक्षा में सबसे अधिक 158 प्रशिक्षु गैरहाजिर रहे।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य बालमुकुंद ने बताया कि शुक्रवार को पहली पाली में विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। इसमें कुल 1483 प्रशिक्षु पंजीकृत थे। इनमें 1325 शामिल हुए, जबकि 158 अनुपस्थित रहे।
इस पाली में उपस्थिति का आंकड़ा करीब 89.35 प्रतिशत रहा। इसी तरह दूसरी पाली में गणित विषय की परीक्षा में कुल 893 प्रशिक्षुओं को परीक्षा देनी थी। इनमें से 760 उपस्थित हुए, जबकि 133 शामिल नहीं हुए। इस विषय में करीब 85.10 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
इसी प्रकार तीसरी पाली में सामाजिक अध्ययन विषय की परीक्षा में पंजीकृत 386 में 282 उपस्थित तथा शेष 104 अनुपस्थित रहे।
इस पाली में उपस्थिति करीब 73.06 प्रतिशत रही, जो तीनों पालियों में सबसे कम थी। विषयवार आंकड़ों पर नजर डालें तो विज्ञान में 158, गणित में 133 और सामाजिक अध्ययन में 104 प्रशिक्षु अनुपस्थित रहे। इस तरह तीनों पालियों में कुल 395 प्रशिक्षु परीक्षा से गैरहाजिर रहे। प्रवक्ताओं की टीम ने कई केंद्रों का निरीक्षण किया।