मिर्जापुर। नया वित्तीय वर्ष शुरू होते ही एक बार फिर से अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ अभियान शुरू हो गया है। नगर में दो दिन के अभियान में 35 होर्डिंग हटाए जा चुके हैं। इस समय नगर अवैध होर्डिंग से पटा पड़ा है। अब उनको चिह्नित कर हटवाया जा रहा है।
नगर पालिका परिषद मिर्जापुर ने इस वित्तीय वर्ष के लिए चार वेंडर को टेंडर दिया है। इसमें यूनीपोल, होर्डिंग्स, फ्लैक्स व अन्य प्रचार साधन शामिल हैं। इनके लिए लगभग 100 स्थान चिह्नित किए गए हैं। अब शासन के निर्देश पर तीन दिवसीय अभियान चलाकर अवैध होर्डिंग्स को हटवाया जा रहा है। रविवार को भी अभियान चला था और सोमवार को भी चला। वेंडर के चयन के बाद यह अभियान चलता है, ताकि यह पता रहे कि किस जगह पर वेंडर के यूनीपोल या होर्डिंग्स हैं। उसको ध्यान में रखते हुए अवैध होर्डिंग को हटाया जाता है। नगर पालिका के अनुसार ये होर्डिंग अधिकतर निजी संस्थाओं व विद्यालयों के होते हैं, जो इस पर दावा नहीं करते। इसलिए उनसे जुर्माना वसूलने का कोई प्रश्न ही नहीं है। यही कारण है कि जब भी अभियान चलता है तो इनको हटाकर नष्ट कर दिया जाता है। नगर पालिका के कर निर्धारण अधिकारी अरविंद यादव ने बताया कि वेंडर के चयनित स्थानों के अतिरिक्त अन्य सभी अवैध होर्डिंग को हटा दिया जाएगा। इसके लिए अभियान चलाया जा रहा है। पिछले वर्ष 200 होर्डिंग हटाए गए थे।