अहरौरा में सामुदायिक भवन में बोर्ड की बैठक लेते पालिकाध्यक्ष गुलाब मौर्या।
- फोटो : MIRZAPUR
अहरौरा। नगर के पट्टी कला में स्थित दुर्गा मंदिर के पास सामुदायिक भवन में मंगलवार नगर पालिका बोर्ड की बैठक पालिकाध्यक्ष गुलाब मौर्या की अध्यक्षता में आहूत की गई। इसमें नगर में डंप पड़े कूड़ा के निस्तारण के लिए 34 लाख रुपये की लागत से एमआरएफ सेंटर हिनौता ग्रामसभा में बनाए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
इस सेंटर में गीला और सूखा कूड़ा को अलग कर उसे जैविक खाद के रूप में प्रयोग में लाया जा सकेगा। इसके साथ ही पेयजलापूर्ति,प्रकाश और सीवर की समस्या से अमृत योजना के माध्यम से निजात दिलाने के लिए दो करोड़ रुपए के प्रस्ताव की रूप रेखा बोर्ड की बैठक में तैयार की गई है। नगरवासियों को स्वच्छ पेयजल आपूर्ति किए जाने के लिए सर्वसम्मत से नगर मे आरओ प्लांट लगाने का भी निर्णय लिया गया। नगर में कूड़ा निस्तारण व सड़कोंपर गंदगी रोकने के लिए प्रयासरत बोर्ड ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पहल की जिसे चर्चा के बाद स्वीकृति प्रदान कर दी गई। ध्वनिमत से नगर के विकास का मुद्दा सभासदों द्वारा बैठक में उठाया गया,जिस पर आम सहमति बन गयी। पालिकाध्यक्ष गुलाब मौर्या ने बताया कि इन योजनाओं से नगर स्वच्छ होगा और कूड़ा-गंदगी की समस्या से निजात मिलेगी। इसी के साथ ही 14 वें वित्त आयोग से द्वितीय किश्त के रूप में आए एक करोड़ रुपए से नगर के पेयजल,सफाई, सड़क निर्माण, ठोस अपशिष्ट सहित अन्य कार्यों को बोर्ड की बैठक में मंजूरी दी गयी है। कहा कि दस लाख रुपए खर्च कर नगर के सभी वार्डो में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति किए जाने के लिए आरओ प्लांट लगाए जाने का निर्णय भी बोर्ड ने लिया है।गर्मी के पूर्व इस कार्य को पूर्ण करा लिया जाएगा । सभी वार्डो में स्टील बोर्ड लगाने की मंजूरी बोर्ड ने दे दिया है। पेयजल के लिए चौक बाजार और पट्टीकला में पाइप लाइन विस्तार के मुद्दा को बोर्ड मे सभासदो ने उठाया जिसे विस्तृत चर्चा के बाद मंजूर कर लिया गया। बोर्ड की बैठक में सभासद कृष्ण कुमार तिवारी , इरशाद आलम, कुमार आनंद, फरजंद अली, रामचंद्र, बेचू राम, रविकांत, रामानंद, संतोष गुप्ता, विजय, शकील, सीबी बेगम, रेखा देवी, मालती देवी अवर अभियंता सुशील मोहन निगम, संजय मौर्या व प्रभारी सफाई निरीक्षक नीतीश कुमार सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।