अहरौरा। खनन राजस्व में तीन करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट के बाद प्रशासन ने क्रेशर-कटर प्लांटों की जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को जिलाधिकारी की ओर से गठित विशेष टीम ने भगौतीदेई, सोनपुर, लालपुर और चिरैया क्षेत्र के 34 क्रेशर-कटर प्लांटों का भौतिक सत्यापन किया। जांच में 14 प्लांटों पर अनियमितताएं मिलने पर उन्हें चिह्नित किया गया।
टीम ने प्लांट संचालकों से जमीन के नक्शे, खतौनी, अनुबंध पत्र, बैनामा और भंडारण संबंधी अभिलेखों की जांच की। मौके पर स्वीकृत क्षमता से अधिक उपखनिज भी मिला। कहीं दो हजार घनमीटर की अनुमति के सापेक्ष पांच हजार घनमीटर उपखनिज पाया गया। जिला खान अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि भंडारण, प्रदूषण और परिवहन की जांच की जा रही है। एडीएम वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह ने बताया कि अगले चरण में मड़िहान और लालगंज तहसील के क्रेशर-कटर प्लांटों की जांच होगी।