मिर्जापुर। घंटाघर स्थित नगरपालिका परिषद सभागार में शुक्रवार को परिषद की बजट बैठक आहूत की गई। इस मौके पर चार करोड़ 45 लाख 27 हजार के लाभ का प्रस्तावित बजट पारित किया गया। कुछ लोगों ने आपत्ति की लेकिन उनकी आपत्ति को दरकिनार कर दिया गया।
बजट बैठक की अध्यक्षता करते हुए नपाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने बजट प्रस्ताव की जानकारी दी और एजेंडे के बारे में बताया। उनकी अनुमति से प्रभारी अधिशासी अधिकारी रामजी उपाध्याय ने बजट प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इसमें वर्ष 2019- 20 के लिए कुल अनुमानित आय एक अरब 50 करोड़ 48 लाख 27 हजार रुपये प्रस्तावित किया गया। साथ ही व्यय के लिए एक अरब 46 करोड़ तीन लाख रुपये का अनुमान किया गया। इस प्रकार से चार करोड़ 45 लाख 27 हजार रुपये के लाभ का अनुमान लगाया गया। बजट पर सभासदों ने चर्चा की मांग की लेकिन उस पर कोई विशेष चर्चा नहीं हुई। सभासदों ने आरोप लगाया कि बजट को नियम विरुद्ध तरीके से प्रस्तुत किया गया है। संकटमोचन वार्ड के सभासद ताबिर शौकत ने कहा कि जब अधिशासी अधिकारी अनुपस्थित हैं और दूसरे विभाग के अधिकारी को अटैच कर काम चलाया जा रहा है तो बजट प्रस्ताव की प्रमाणिकता कैसे हो सकती है। जब आहरण अधिकारी ही नहीं है तो आगे की क्या बात की जाए। हालांकि अन्य सभासदों ने प्रस्ताव का समर्थन किया और प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित कर दिया गया।
अमृत योजना से अधिकतम आय
बजट के आय कालम में अमृत योजना से सर्वाधिक आय होने की संभावना जताई गई है। अटल अमृत योजना के तहत 40 करोड़ रुपये की आय का अनुमान लगाया गया है। इसी प्रकार स्वच्छ भारत मिशन के तहत भी 15 करोड़ रुपये की आय का अनुमान किया गया है। इसी प्रकार व्यय के लिए भी इसी मद को चुना गया है। अटल अमृत योजना में 25 करोड़ और स्वच्छ भारत मिशन में तीन करोड़ रुपये के व्यय का प्रावधान किया गया है।