मिर्जापुर। महंत शिवाला स्थित फन सिटी में शनिवार को विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के 180 हस्त शिल्पियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने सभी लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और टूूल किट प्रदान किया। समारोह में मुख्य अतिथि ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से दस्तकारों व पारंपरिक कारीगरों के विकास के लिए यह योजना संचालित की जा रही है। कहा कि इनके पुराने व पुश्तैनी हुनर को आज तक न किसी ने पहचाना और न इनके कौशल को आगे बढ़ाने का प्रयास किया। इसीलिए कौशल विकास योजना आरंभ कराई गई है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत दो सौ श्रमिकों को प्रशिक्षण देने के बाद लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 20 हस्त शिल्पियों को सम्मानित किया था। शेष हस्त शिल्पियों को यहां टूल किट देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि आधुनिक टूल किट के माध्यम से अपनी पुरानी तकनीक को श्रमिक उन्नत कर स्वरोजगार कर सकेंगे। छानबे विधायक राहुल प्रकाश कोल ने कहा कि जो कलाएं लुप्त हो रही थीं, उनके उन्नयन व उनको जीवित करने के लिए यह योजना आरंभ की गई है। डीएम अनुराग पटेल ने कहा कि इस योजना से पुरानी दस्तकारी व पारंपरिक कारीगरी को आगे बढ़ाया जा सकता है। इस मौके पर अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष रमाकांत पटेल, संतोष गोयल, उद्योग उपायुक्त वीके चौधरी, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी जवाहर लाल व अन्य थे।