मिर्जापुर। लेखपाल संघ का धरना प्रदर्शन मंगलवार को भी कलेक्ट्रेट परिसर में जारी रहा। लेखपालों की हड़ताल से तहसीलों का काम काज पूरी तरह से ठप हो गया हैै। धरना सभा में जिला संयोजक धीरज किशोर सिंह ने कहा कि लेखपाल मांगें पूरी होने तक अपनी लड़ाई जारी रखेंगे और सरकार को झुकने के लिए मजबूर कर देंगे।
उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग में लेखपाल एक महत्वपूर्ण पद है। अपने विभागीय कार्यों के अतिरिक्त लगभग 50 विभागों के कार्यों के संचालन में लेखपालों का सहयोग लिया जाता है। उत्तराखंड के समान तथा प्रारंभिक ग्रेड पे 2800 किया जाए। लेखपाल वेतन उच्चीकरण, वेतन विसंगति, पेंशन विसंगति, भत्तों में वृद्धि, राजस्व उप निरीक्षक सेवा नियमावली 2017 पारित कराने, लैपटाप और स्मार्ट फोन देना उनकी मुख्य मांगे हैं। इसके साथ ही लेखपाल प्रोन्नति और आधार भूत सुविधाओं एवं संसाधन में वृद्धि किया जाए। ई डिस्ट्रिक्ट, ई गर्वर्नेंस, डिजिटल इंडिया को क्रियान्वित कराने के लिए खतौनी, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, नक्शा आदि सभी कार्य कंप्यूटरीकृत और ऑनलाइन कर दिया गया है। सदर तहसील अध्यक्ष विजय शंकर यादव कहा कि लेखपालों को कार्य के लिए लैपटाप और स्मार्टफोन उपलब्ध कराया जाए। संचालन अंगद सिंह यादव ने किया। इस दौरान सह संयोजक राम आसरे, तहसील मंत्री बेनु यादव, नम्रता सिंह, शशि मिश्रा, अंगद सिंह यादव, दिनेश पांडेय, सच्चिदानंद, मंगला प्रसाद दुबे आदि आदि मौजूद रहे।