मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर आंदोलित लेखपालों ने गुरुवार को भी कार्य बहिष्कार किया। चेतावनी दी कि मांगों के पूरा नहीं होने पर वे नौ जुलाई से संपूर्ण कार्य का बहिष्कार करते हुए जनपद मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे।
सदर तहसील अध्यक्ष विजय शंकर यादव कहा कि लेखपाल वेतन उच्चीकरण, वेतन व पेंशन विसंगति को दूर करने, भत्तों में वृद्घि, राजस्व उप निरीक्षक सेवा नियमावली को पारित कराने, लैपटॉप और स्मार्ट फोन देने की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही प्रोन्नति और आधार भूत सुविधाओं एवं संसाधन में वृद्धि की मांग है। कहा कि ई डिस्ट्रिक्ट, ई गर्वर्नेंस, डिजिटल इंडिया को क्रियान्वित कराने के लिए खतौनी, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, नक्शा आदि सभी कार्य कंप्यूटरीकृत और ऑनलाइन कर दिया गया है। इसके लिए लैपटॉप और स्मार्टफोन उपलब्ध कराया जाए। मांगों के पूरा होने तक आंदोलन अनवरत चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन के तहत तीन जुलाई से सात जुलाई तक संपूर्ण कार्य का बहिष्कार करते हुए प्रात: 10 से शाम चार बजे तक धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके बाद भी मांगों के पूरा नही होने पर नौ जुलाई से संपूर्ण कार्य का बहिष्कार करते हुए जनपद मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान मंत्री बेनु यादव, शुभम श्रीवास्तव, मंगला प्रसाद दुबे, नम्रता सिंह, शशि मिश्रा, सच्चिदानंद, अंगत सिंह,तमन्ना बेगम, गोविंद तिवारी, रामजी मौर्य, विजेंद्र सिंह, सुनील कुमार दुबे, आदि मौजूद रहे।