मिर्जापुर। रमजान माह आगामी 18 मई से शुरू हो रहा है। माहे रमजान को देखते हुए मस्जिदों में साफ सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं शुरू हो गई हैं। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मस्जिदों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
नगर पालिका परिषद द्वारा मजिस्दों के आस-पास साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश की व्यवस्था कराई जा रही है। जिससे रोजेदारों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्य सफाई निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला को नगर के लगभग 50 मजिस्दों में साफ-सफाई, पेयजल, चुना छिड़काव और प्रकाश के समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। नगर के वासलीगंज, लालडिग्गी, इमामबाड़ा, आर्य कन्या इंटर कॉलेज रोड, त्रिमोहानी, भटवा की पोखरी, तरकापुर आदि मस्जिदों के आसपास नगर पालिका परिषद द्वारा साफ-सफाई, चुना छिड़काव और पेयजल की व्यवस्था कराया जा रहा है।