जिगना। विंध्याचल थाना क्षेत्र के विरोही रेलवे स्टेशन अकोढ़ी इंटर कॉलेज के पास अचेतावस्था में सोमवार की सुबह मिले एक यात्री की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। तलाशी के दौरान यात्री के पास से एक स्लीपर का टिकट मिला। जिसमें उसका पता टाकीवाला रहमतगढ़ मालकोटला संगरूर मालेर कोटला पंजाब लिखा हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोमवार की सुबह दस बजे ग्रामीणों ने विंध्याचल के विरोही स्टेशन अकोढ़ी इंटर कॉलेज के पास एक यात्री को अचेतावस्था में पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तत्काल सौ नंबर तथा अष्टभुजा पुलिस चौकी को फोन कर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुला कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विन्ध्याचल भेजा। अचेतावस्था में मिले अधेड़ की जेब से मिले आधार कार्ड के अनुसार उसका नाम रसिका प्रसाद पुत्र सूरज प्रसाद 62 वर्ष तथा पता टाकीवाला रहमतगढ मालकोटला संगरूर मालेर कोटला पंजाब है । उसके जेब में रेल टिकट भी मिला है जिसमें एक ही साथ दो लोगों का टिकट गाडी नंबर 18110 का लुधियाना से रांची तथा यात्रा की तिथि नौ दिसंबर 2017 है । यात्री एस चार के बर्थ 9 व 12 पर यात्रा कर रहा था । विरोही स्टेशन के करीब अकोढ़ी कॉलेज के नजदीक सड़क के गड्ढे में घायलावस्था व अचेतावस्था में कैसे आया यह चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोग इसे लूट अथवा जहर खुरानी का मामला मान रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने तक घायल की मौत हो गई। इस मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग व पुलिस की नोकझोंक भी अस्पताल में हुई ।