सीखड़ (मिर्जापुर)।
क्षेत्र के भुवालपुर में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने पं. दीनदयाल उपाध्याय वृहद पशु आरोग्य मेला का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कहा कि किसानों और पशुपालकों के आर्थिक सामाजिक, शैक्षणिक स्तरोन्नयन के साथ आय दोगुना करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से मंडल स्तर पर वृहद आरोग्य मेला का आयोजन किया जा रहा है। पशुपालक पशु आरोग्य मेले का लाभ उठाए। उन्होंने मेले में सुविधाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद, रामरायपुर, ब्लाक-नरायनपुर स्थित पंप कैनाल का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी बिमल कुमार दूबे, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. ईश्वर नरायण सिंह ने केंद्रीय राज्यमंत्री को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। फूल की खेती करने वाले किसान फूलगेन सिंह और राम तिलक सिंह को सम्मानित किया गया।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि हमारे देश में आदि अनादि काल से गो पालन एवं गो संरक्षण महान परंपरा रही है। हमारा प्रदेश पशुधन संख्या एवं दूध उत्पादन की दृष्टिकोण से देश का सबसे बड़ा राज्य है। 2012 की पशु गणना के अनुसार हमारे प्रदेश में लगभग 206 लाख गोवंशी, 306 लाख महिषवंशीय, 13.54 लाख भेड़, 155.86 बकरियां, 13.34 लाख सूकर एवं 186.68 लाख कुक्कुट पक्षियों की विशाल संख्या है। जिन्हे पशु चिकित्सा सेंवाये उपलब्ध कराया जाना है। पशुओं में त्वरित गतियों से नस्ल सुधार, पशु रोग नियंत्रण, पशुधन बीमा, गोशालाओं का शुद्धीकरण के साथ-साथ गोवंशी पशुओं की रक्षा का कार्य सरकार द्वारा किया जा रहा है। इस मेले में पशु चिकित्सा, पशु प्रजनन, बधियाकरण, टीकाकरण, कृमि नाशक दवा पान, माइनर सर्जरी, पशुओं में बांझपन निवारण आदि का कार्य किया जा रहा है। किसान शिविर का फायदा उठाकर उन्नति पशु पालन संबंधित समस्याओं का वैज्ञानिक एवं तकनीकी निवारण पशुओं को संतुलित पशु आहार, हरे चारे का महत्व, पशुओं की उत्पादकता में वृद्धि करने की नवीन और सरल तकनीक का लाभ लें। इस दौरान प्रशिक्षु आईएएस आशीष कुमार पांडेय, अपर निदेशक डा. राजीव कुमार गुप्ता, हरिशंकर सिंह, रमाकांत पटेल, डा. अनिल सिंह पटेल, मेघनाथ पटेल, हरिदास सिंह, धर्मदेव उपाध्याय, नरेंद्र मिश्रा, डॉ. रामसुख सिंह, जिला उद्यान अधिकारी विवेक दुबे, राजेश कुमार त्रिपाठी पप्पू, महिमा द्विवेदी, अभय त्रिपाठी, उमेश पांडेय, पूर्व प्रमुख सत्येंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।