मिर्जापुर। हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद की जयंती को मंगलवार को खेल दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान मैदान खिलाड़ियों के खेल कौशल से गुलजार रहे। हॉकी, फुटबाल और कबड्डी की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। स्कूलों में छोटे बच्चों ने भी राष्ट्रीय खेल हॉकी खेल इसके प्रति अपना प्रेम प्रदर्शित किया।शाबाश और बकअप का शोर दिन भर गूंजता रहा।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर महुवरिया स्थित किड्स इंटरनेशनल स्कूल के प्रांगण में नौनिहालों ने प्लास्टिक की हॉकी से मैच खेला। इस मौके पर मेजर ध्यानचंद और मुहम्मद शाहिद एकादश की टीमें आपस में भिड़ीं। शिक्षिकाओं ने बच्चों को मेजर ध्यानचंद के बारे में और खेल की बारीकियों से नौनिहालों को परिचित कराया। कार्यक्रम में आकांक्षा गुप्ता, साक्षी कुशवाहा, मनोज कुमार, दिव्या आदि मौजूद रहे। राजकीय इंटर कॉलेज में खेल संगोष्ठी एवं विविध खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कबड्डी वरिष्ठ वर्ग में कक्षा 12 की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग में कक्षा दस की टीम विजयी घोषित हुई। लंबी कूद प्रतियोगिता में अभिषेक यादव प्रथम, अमन प्रताप द्वितीय और काजू सोनकर तीसरे स्थान पर रहे। कनिष्ठ वर्ग में मनीष चौहान प्रथम, विवेक सरोज द्वितीय तथा शफीक अंसारी तृतीय रहे। विन्ध्य विद्यापीठ इंटर कॉलेज में कक्षा 11 एवं कक्षा 12 के बीच फुटबाल मैच खेला गया। मैच का उद्घाटन प्रधानाचार्य रघुराज सिंह ने किया। विद्यालय के शारीरिक शिक्षक महेन्द्र प्रताप ने मेजर ध्यानचंद के बारे में बताया। मिश्रीलाल इंटर कॉलेज में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शुभारंभ प्रधानाचर्य प्रमोद कुमार सिंह ने ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। सतीश कुमार एवं दिनेश चंद्र निर्णायक की भूमिका में रहे। बीएलजे इंटर कॉलेज में वॉलीबाल, कबड्डी,खोखो, लंबी कूद और एथेलेटिक्स की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजयी प्रतिभागियों को प्रधानाचार्य श्यामजी सोनी ने सम्मानित किया।
इनसेट
दोनों वर्गोँ में जीती खेल क्रांति की टीम
मिर्जापुर। राजगढ स्थित शांति निकेतन इंटर कॉलेज पचोखरा में खेल दिवस के अवसर पर कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई। बालिका कबड्डी के मैच में खेल क्रांति की टीम ने पर्यावरण शुद्धिकरण अभियान टीम को 29 के मुकाबले 22 अंकों से पराजित किया। वहीं बालक वर्ग में खेल क्रांति की टीम ने पर्यावरण शुद्धिकरण अभियान टीम को 18 के मुकाबले 10 अंकों से पराजित किया। खेल के बाद ग्रीन गुरु जी अनिल सिंह द्वारा फाईकस के पौधे का1 रोपण किया गया।