पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान मंगलवार की रात लहुरिया दह जंगल के समीप बिना नंबर की कार से 34 बोरी देशी शराब बरामद किया है। पकड़ी गई शराब के साथ प्रधान पद की प्रत्याशी के पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए गाड़ी को सीज कर दिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि प्रधानी चुनाव में मतदाताओं को पिलाने के लिए मध्य प्रदेश से शराब खरीद कर ले जा रहे थे। ये बातें पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन ने पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने बताया कि मंगलवार की रात ड्रमंडगंज चौकी इंचार्ज विजयशंकर सिंह हमराहियों के साथ क्षेत्र में गश्त पर निकले थे। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग मध्य प्रदेश से शराब खरीद कर यूपी के मड़िहान इलाके में ले जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज ने वाहन चेकिंग शुरू कर दी। रात करीब दस बजे लहुरियादह के पास सफेद रंग की कार आती दिखी। रुकने का इशारा करने पर चालक कार लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा करते हुए लहुरियादह जंगल के पास से कार को पकड़ लिया। तलाशी को दौरान कार में 34 बोरी में रखी 1632 शीशी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने वाहन में सवार प्रकाश गिरी पुत्र श्याम गिरी निवासी राहकला थाना लालगंज, बच्चन ऊर्फ अजीत मौर्या पुत्र राजमणि मौर्या निवासी ग्राम बोदारामपुर अंतरी थाना लालगंज तथा मिथलेश कुुमार गुप्ता पुत्र कांता प्रसाद निवासी हलिया को गिरफ्तार कर लिया गया।
शराब के साथ पकड़ा गया लालगंज थाना क्षेत्र के राहकला गांव निवासी प्रकाश गिरी की पत्नी प्रधानी का चुनाव लड़ रही है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मध्य प्रदेश से शराब खरीद कर पटेहरा ब्लाक ले जा रहे थे। वहां मतदाताओं को शबाब पिलाने की योजना थी। एसपी ने बताया कि पकड़ी गई शराब की गुणवत्ता काफी खराब है।