मिर्जापुर। जिले में जिन मजरों या मोहल्लों में अभी भी बिजली नहीं पहुंची है, उन्हें समुद्रम योजना के जरिये रोशन किया जाएगा।
जिले के 261 मजरे चिह्नित किए गए हैं, जहां इस योजना के तहत विद्युतीकरण का काम कराया जाएगा। इसके लिए कार्यदायी संस्था सर्वे कर रही है। इस पर 57 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
जिले में कई मजरे ऐसे हैं, जहां अभी तक बिजली नहीं पहुंच सकी है। कई जगह इधर-उधर से तार खींचकर लोग बिजली का उपयोग कर रहे हैं लेकिन विद्युत वितरण का आधारभूत ढांचा जैसे पोल, तार या ट्रांसफार्मर स्थापित नहीं किया जा सका है। जिले के 261 ऐसे मजरे चिह्नित किए गए थे, जहां समुद्रम योजना के तहत विद्युतीकरण का काम कराया जाना है।
इस योजना में नगर पालिका और नगर पंचायत की सीमा से बाहर के ग्रामीण क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इसको शासन से मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा।
कार्यदायी संस्था चिह्नित किए गए मजरों का सर्वे कर अपनी कार्ययोजना तैयार कर रही है। विद्युत कार्य मंडल मिर्जापुर के अधीक्षण अभियंता रामदास ने बताया कि कार्यदायी संस्था सर्वे कर रही है। विद्युतीकरण का काम जल्द शुरू कराया जाएगा।