शहरनामा की फोटो--सीएम जन आरोग्य मेला में मरीज देखते डाॅ. आनंद कुमार सिंह।-सोशल मीडिया।
-भीषण गर्मी और लू से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ी, डॉक्टरों ने दी सतर्क रहने की सलाह
पड़री/जमालपुर। जिले के न्यू पीएचसी और सीएचसी केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला में 259 लोगों के स्वास्थ्य की जांच हुई। भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप से बुखार, सर्दी-जुकाम, उल्टी-दस्त से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। चिकित्सकों ने लोगों को तेज धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी।
पड़री के न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री और छटहां में 32 मरीजों का उपचार किया गया। डॉ. आनंद कुमार सिंह और डॉ. जुनैद अंसारी ने 14 पुरुष, 11 महिला और सात बच्चों समेत कुल 32 रोगियों का इलाज किया। चिकित्सकों ने बताया कि गर्मी के कारण बुखार और उल्टी-दस्त के पीड़ितों की संख्या अधिक रही। लोगों को घर से बाहर निकलते समय शरीर ढककर रखने, नींबू-पानी, नमक-चीनी का घोल और अधिक पानी पीने की सलाह दी गई।
जमालपुर क्षेत्र के न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवरिला में डॉ. मनोज यादव की देखरेख में 68 मरीजों की जांच कर उपचार किया गया। वहीं न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छोटा मिर्जापुर में डॉ. संजीव गुप्ता की टीम ने 104 मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। इसके अलावा न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाईपुर में डॉ. मनोज कुमार ने 55 मरीजों का उपचार किया।