मिर्जापुर। विंध्याचल मंदिर के आसपास मारपीट की घटनाएं बढ़ने और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर एसएसपी सोमेन बर्मा ने बृहस्पतिवार को विंध्याचल धाम सुरक्षा चौकी प्रभारी समेत 24 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं, बुधवार को पंडों के बीच हुई मारपीट के मामले में आरक्षी को निलंबित कर दिया है। विंध्याचल में पहली बार इतनी बड़ी कार्रवाई हुई है।
मां विंध्यवासिनी मंदिर के गर्भगृह में चार जुलाई की रात तीर्थ पुरोहितों के बीच मारपीट हो गई थी। बड़े शृंगारिया और उनके बेटे की जमकर पिटाई की गई थी। मामले में मुकदमा भी दर्ज किया गया था। इसके पहले भी विंध्याचल मंदिर में कई घटनाएं हुई थी। वहीं, बुधवार को दक्षिणा के पैसे के बंटवारे को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। इस दौरान एक पक्ष ने कैंची से हमला कर पंडा निवेदित भट्ट को घायल कर दिया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
इस घटना के दौरान पास में ड्यूटी पर तैनात आरक्षी कांताराम को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, मारपीट की घटनाएं बढ़ने और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही को देखते हुए एसएसपी ने धाम चौकी प्रभारी राजकुमार पांडेय समेत 24 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। विंध्याचल मंदिर सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर पहली पर इतनी संख्या में कार्रवाई हुई है।
.............................
चौकी के ये पुलिसकर्मी हुए लाइन हाजिर
मिर्जापुर। विंध्याचल धाम सुरक्षा चौकी के प्रभारी राजकुमार पांडेय, उप निरीक्षक गौरी शंकर चौधरी, उप निरीक्षक वशिष्ठ नारायण सिंह, राधेश्याम, देवनाथ तिवारी, मुख्य आरक्षी मनुराम गौड़, प्रहलाद यादव, संजय सिंह यादव, अनिल कुमार यादव, कृपाशंकर यादव, मिथलेश राय, निर्मल यादव, आरक्षी शिवम कुमार, दुर्गेश कनौजिया, दीपांशु पासवान, सुनील यादव, विपिन चौहान, सोनू राम, बृजेश कुमार, धर्मेंद्र पांडेय, कृपाशंकर भारती, सत्येंद्र सिंह, पंकज दिवाकर, मंजेश सिंह को निलंबित किया गया है। आरक्षी कांताराम को निलंबित किया गया है। संवाद
...............................................
वर्जन-
विंंध्याचल मंदिर और आसपास मारपीट की घटनाएं बढ़ने और सुरक्षा में लापरवाही बरतने पर धाम चौकी प्रभारी समेत 24 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया। मारपीट मामले में घटनास्थल के पास तैनात आरक्षी को निलंबित किया गया है। - सोमेन बर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक