मिर्जापुर। डीपीआरओ ने बैठक में नहीं आने पर सोमवार को 22 पंचायत सचिवों का एक दिन का वेतन रोक दिया।
डीपीआरओ ने सोमवार को कार्यालय में पंचायत सचिवों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कूड़ा संग्रह केंद्रों के निर्माण तथा ऑडिट में आपत्तियों के निपटारे में लापरवाही की शिकायत मिलने पर पंचायत सचिवों से कड़ी नाराजगी जताई। बैठक में 22 पंचायत सचिव नहीं पहुंचे थे। इस पर डीपीआरओ ने अनुपस्थित सचिवों का एक दिन का वेतन रोक दिया। डीपीआरओ संतोष कुमार ने बारी-बारी से ब्लॉकवार ग्राम पंचायतों में हुए कार्यों में आई आडिट आपत्तियों के निपटारे की जानकारी ली और निपटारे के लिए संबंधित सचिवों को एक सप्ताह का मौका दिया। आगाह किया कि एक सप्ताह में आडिट आपत्तियों का निपटारा न होने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिन ग्राम पंचायतों में कूड़ा संग्रह केंद्र निर्माणाधीन हैं, वहां के सचिवों को एक सप्ताह के अंदर निर्माण का काम हर हाल में पूरा कराने का निर्देश दिया।