मिर्जापुर। नगर पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कहा कि चुनाव के चलते जिला प्रशासन उनकी और उनकी पार्टी की छवि धूमिल कर रहे हैं। वह बुधवार को लालडिग्गी स्थित नगर पालिका के कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नवरात्र मेला में नगर पालिका सफाई, स्ट्रीट लाइट व पेेयजल आपूर्ति की व्यवस्था करेगी। उसके लिए उसे कोई बजट नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका पहले पूरी व्यवस्था नि:शुल्क कराती थी लेकिन जब इस मेला का प्रांतीयकरण कर दिया गया है और मेला के लिए बजट मिल रहा है तो जिला प्रशासन क्यों नहीं दे रहा है। शारदीय नवरात्र के लिए 60 लाख रुपये मिला लेकिन नगर पालिका को मात्र 18 लाख रुपये ही मिला जबकि उसने 90 फीसद कार्य कराया। इसलिए इस मेला में जो भी आवश्यक कार्य हैं जो नगर पालिका करती है उसे वह निशुल्क करेगी। ट्रस्ट की बाबत नपाध्यक्ष ने कहा कि जिला प्रशासन जानबूझकर तथ्यों की अनदेखी कर रहा है। वह किसी रणनीति के तहत उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहा है। यह गंभीर मसला है। इसके लिए वह वैधानिक कार्रवाई पर भी विचार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब मात्र निहित स्वार्थों की पूर्ति के लिए किया जा रहा है।