मिर्जापुर। जिले में एक अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू होगी। जिला प्रशासन ने क्रय केंद्रों के निर्धारण का काम पूरा कर लिया है। इसके लिए किसानों को फिर से अपने पंजीयन का नवीनीकरण कराना होगा। इस बार गेहूं की फसल अच्छी हुई है। मौसम के चलते लोगों का आकलन था कि फसल कमजोर होगी लेकिन बीच में अच्छी बारिश होने के कारण फसल अच्छी हुई। शासन के निर्देशानुसार जिले में 78 केंद्रों पर गेहूं की खरीद करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यशाला का आयोजन कर दिशा निर्देश भी दिए गए। इस सत्र में लगभग एक लाख टन गेहूं की खरीद हो सकती है। हालांकि अभी शासन की तरफ से लक्ष्य की घोषणा नहीं की गई है। पिछले सत्र में 79 हजार टन का लक्ष्य दिया गया था लेकिन लगभग 92 टन गेहूं की खरीद की गई थी। इसलिए यह संभावना जताई जा रही है कि इस बार यह लक्ष्य बढ़ाकर एक लाख टन के आसपास किया जाएगा। गेहूं बेचने के लिए किसानों को अपने पंजीकरण का नवीनीकरण कराना अनिवार्य है। बिना नवीनीकरण के क्रय केंद्रों पर उनके गेहूं की खरीद नहीं की जाएगी। अभी फिलहाल गेहूं रखने के लिए गोदाम भी खाली नहीं है। इसलिए गेहूं खरीदने के बाद मंडी समिति में ही रखा जाएगा और वहीं से कोटेदारों को दे दिया जाएगा। इससे जगह की बचत होगी और किसी को परेशानी भी नहीं होगी।