मिर्जापुर। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए सरगर्मियां शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्य के लिए अधिकारियों को ड्यूटी सौंपी। उनसे कहा गया कि वे अपने कार्य को निष्ठा व ईमानदारी से करें। चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर निर्वाचन कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम अनुराग पटेल ने कहा कि कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रभारी अधिकारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी अपने- अपने कैंप कार्यालय के संचालन के लिए अपने अधीनस्थ कर्मचारियों व कंप्यूटर सहवर्ती उपकरणों का प्रयोग करेंगे। साथ ही इसकी सूचना समय समय पर जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजितराम प्रजापति ने बताया कि निर्वाचन के लिए मुख्य विकास अधिकारी को कार्मिक, मतदान, मतगणना एवं माइक्रो आब्जर्वर कार्मिकों की नियुक्ति के लिए जिम्मेदारी दी गई है। सहायक प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारी परियोजना निदेशक ऋषिमुनि उपाध्याय के साथ अन्य अधिकारियों को सौंपी गई। स्वीप कार्य के लिए डीआइओएस देवकी सिंह व अन्य अधिकारी रहेंगे। परिवहन यातायात से संबंधित कार्यों के लिए सिटी मजिस्ट्रेट सुशील लाल श्रीवास्तव को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। सहायक अधिकारी के रूप में एआरटीओ अल्का शुक्ला व अन्य को जिम्मेदारी दी गई। एडीएम वित्त एवं राजस्व को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट व समन्वय के रूप में सभी एसडीएम रहेंगे।