मिर्जापुर। कोहरे के चलते मंगलवार को लंबी दूरी की तीन ट्रेनें निरस्त रही जबकि दस से अधिक ट्रेने तीन से छह घंटे विलंब से चल रही थी। ट्रेनों की लेट लतीफी से यात्रियों को कड़ाके ही पड़ रही ठंड में परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब छह से सात घंटे बाद ट्रेन आने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।
बता दें कि सोमवार को हावड़ा से दिल्ली को जाने वाली तुफान एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस, लालकिला एक्सप्रेस आदि ट्रेने कोहरे के चलते निरस्त कर दी गई। वहीं मुरी एक्सप्रेस चार घंटे, कालका मेल तीन घंटे, पुरूषोत्तम एक्सप्रेस, चंबल एक्सप्रेस, ताप्तीगंगा एक्सप्रेस, महानगरी एक्सप्रेस, बह्मपुत्रा मेल, महानंदा एक्सप्रेस, गुवाहाटी कुर्ला, संघमित्रा एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस तीन से छह घंटे की विलंब से चल रही थी। इन ट्रेनों से सफर करने वाले मिर्जापुर के यात्री कड़ाके ठंड में भी प्लेटफार्म नंबर तीन व दो पर बैठकर अपनी ट्रेनों का इंतजार करते हुए देखे गए। यात्री राम कुमार, विकास, पुष्पेंद्र कुमार, राजेश कुमार आदि ने कहा कि स्टेशनों पर गर्म चाय नहीं मिलने के कारण स्टेशन पर समय काटना मुश्किल हुआ। अगर गर्म चाय मिलती रहती तो थोड़ी कम परेशानी उठानी पड़ती। यात्रियों ने स्टेशन पर गर्म चाय बनवाने की मांग की।