मिर्जापुुर। स्वच्छ भारत मिशन सबकी भागीदारी से ही साकार होगा। गांधी जी ने आजादी के साथ स्वच्छता का सपना देखा था, उनके सपने को पूरा करने के लिए स्वच्छता के प्रति सभी को अपने व्यवहार में परिवर्तन लाना होगा। यह बातें गुरुवार को फील्ड आउटरीच ब्यूरो वाराणसी की ओर से नगर क्षेत्र के रमईपट्टी स्थित बाल भारती जूूनियर हाईस्कूूल परिसर में स्वच्छता विषयपर जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्साधिकारी डा. ओपी तिवारी ने व्यक्त किया। विद्यालय परिसर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में सीएमओ डा. ओपी तिवारी ने कहा कि जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए स्वच्छ वातावरण का होना बेहद जरूरी है। कहा कि गंदे पानी को घरों के आसपास न जमा होनें दें। साथ ही कूड़ा-करकट नियत स्थान पर ही फेंके। उन्होंने कहा कि खाना खाने से पहले हाथ जरूर धोएं। शौच करने के बाद भी अच्छी तरह से हाथ धोएं और खुले में शौच तो कदापि न करें। सीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा स्वच्छ भारत मिशन का जो संकल्प लिया गया है, उसे पूरा कराने में बच्चों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कहा कि स्वच्छता का स्वास्थ्य से सीधा संबंध है। दूषित पानी, ध्वनि प्रदूषण, वायु प्रदूषण का प्रभाव किसी न किसी तरह से मनुष्य ही नहीं बल्कि अन्य जीव-जंतुओं के स्वास्थ्य को भी प्रभावित करता है। इस समस्या का समाधान जागरूकता व जन-सहभागिता से ही संभव है। इस मौके पर स्वच्छता से जुड़ी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बच्चों सही-सही जवाब देकर विद्यालय का मान बढ़ाया। सवालों का सही उत्तर बताने वाले 15 विद्यार्थियों को पुरस्कार भी प्रदान किया गया तथा बच्चों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी डा. लालजी ने किया। इस दौरान डा. सत्य नारायण विश्वकर्मा, आरसी यादव, शशिबाला श्रीवास्तव, इकबाल खान सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ व बच्चे उपस्थित रहे।